राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा की बैठक 10 जुलाई को दिल्ली में

Share

देहरादून, 07 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने गुरुवार को बताया कि राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की चिंतन बैठक 10 जुलाई को नई दिल्ली में होगी।

बैठक में वाल्मीकि समाज एवं अनुसूचित समाज की महत्वपूर्ण समस्याओं पर खुली चर्चा होगी। आजादी के 75 वर्षों में वाल्मीकि समाज की दशा एवं दिशा विषय पर संगोष्ठी में मुख्य अतिथि दुष्यंत गौतम सांसद एवं राष्ट्रीय महामंत्री भाजपा के अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में चरणजीत सिंह अटवाल पूर्व डिप्टी स्पीकर लोक सभा एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पंजाब तथा उत्तर प्रदेश में नवनियुक्त राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि, हंस राज हंस सांसद दिल्ली विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।

कार्यक्रम के तीसरे चरण में राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के 5 पदों पर सर्वसम्मति से 3 वर्ष के लिए चुनाव किए जाएंगे जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राष्ट्रीय प्रमुख महामंत्री राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के पद शामिल है। राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के जनवरी 2023 में 25 वर्ष पूर्ण होने पर सिल्वर जुबली वर्ष में नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर विशाल वाल्मीकि स्वाभिमान सम्मेलन का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में वाल्मीकि समाज का गौरव बढ़ाने वाले प्रोफेसर डॉक्टर इंजीनियर प्रिंसिपल सेवानिवृत्त जज वरिष्ठ अधिवक्ता पत्रकार बंधु लेखक खिलाड़ी एवं समाजसेवी भी सम्मानित किए जाएंगे। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने बताया कि 10 जुलाई 2022 के राष्ट्रीय वाल्मीकि चिंतन बैठक में देश भर से राष्ट्रीय / प्रदेश पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य प्रतिभाग करेंगे।