बिल्हौर बवाल नहीं था साम्प्रदायिक :आईजी

Share

-उन्नीस लोगों से हो रही है पूछताछ, अन्य की तलाश

कानपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। कानपुर आउटर के बिल्हौर थाना क्षेत्र इलाके के महाराणा प्रताप नगर में शुक्रवार रात दो पक्षों के विवाद मामले में पुलिस ने 15 नामजद समेत कुल 65 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कुल 19 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आईजी कहना है कि यह घटना कोई साम्प्रदायिक नहीं है। स्कूल में क्लास के दौरान दो बच्चों के बीच विवाद का मामला है।

बिल्हौर के पंतनगर मोहल्ला निवासी प्रथम सिंह और उसका भाई राहुल सिंह अहमदाबाद की एक धागा फैक्ट्री में काम करते हैं। दोनों अपने ताऊ के बेटे अभय सिंह की गोद भराई में शामिल होने के लिए 15 दिन पहले छुट्टी पर घर आया। 06 जुलाई को दोनों गोद भराई के कार्यक्रम में शरीक हुए। प्रथम पक्ष के मुताबिक शुक्रवार रात 08 बजे वह और राहुल बाइक से महाराणा प्रताप नगर स्थित छुन्ना की दुकान में फिंगर चिप्स खाने गए थे। वहां से दोनों लौट ही रहे थे तभी डॉ. रहमान के घर के पास पांच मोटर साइकिल पर सवार होकर पहुंचे और हमला कर दिया। दोनों भाइयों को दूसरे पक्ष के लड़कों ने लाठी, डंडा, तलवार, चाकू, तमंचे के बट और लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया। उत्पाती नारे लगा रहे थे, हम लोगों को आधा किलोमीटर तक मोहल्ला चौहट्टा तक मारते हुए ले गए। राहुल को गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पुलिस अधिकारी भारी पुलिस के साथ मौके पर पहंचे और घायल राहुल को उपचार के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया।

एसपी कानपुर आउटर तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके आरोपितों को चिन्हित करके बवाल करने वालों की तलाश में टीमे लगातार दबिश दे रही हैं। अबतक कुल 19 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

आईजी प्रशान्त कुमार ने बताया कि कानपुर में बीते दिनों हुई हिंसा को ध्यान में रखते हुए कानपुर आउटर पुलिस तत्काल इस पूरे मामले में कार्यवाही करते हुए 19 लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने मामले को साम्प्रदायिक विवाद से अलग करते हुए इसे स्कूली झगड़ा बताया।