हरिद्वार, 07 जुलाई (हि.स.)। निर्मल अखाड़े के संतों ने सीएम और डीजीपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। निर्मल अखाड़ा के संतों का कहना है कि अखाड़े में पूर्व में जुड़े रहे कुछ साधु और लोग अखाड़ा की संपत्तियों की खोज करने में लगे हुए हैं। इनको जब भी निर्मल अखाड़े द्वारा रोका जाता है तो यह अक्सर धमकियां देना शुरू कर देते हैं।
ऐसे में कनखल के निर्मल अखाड़ा के केंद्र पर कभी भी बड़ा हमला हो सकता है। निर्मल अखाड़ा के संतों के अनुसार पंजाब से आए लोग निर्मल अखाड़े से जुड़ी कई संपत्तियों पर अब तक कब्जा कर चुके हैं, जिनकी जांच पहले से ही जारी है। कोठरी जसविंदर सिंह ने कहा कि यही नहीं पटना साहिब गुरुद्वारा भी इन्हीं लोगों ने कब्जा रखा है। ऐसे में अखाड़ा के अध्यक्ष ज्ञानदेव सिंह समेत तमाम प्रमुख पदाधिकारी इन लोगों के निशाने पर हैं। लिहाजा सीएम पुष्कर सिंह धामी को पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए अखाड़े की सुरक्षा बढ़ानी चाहिए। निर्मल अखाड़े के संतों ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही अखाड़ा परिषद के साथ मिलकर मुख्यमंत्री से मुलाकात भी करेंगे।