हरिद्वार, 07 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने नगर निगम द्वारा ग्राम सराय में खुले में कूड़ा डालने को लेकर एक ज्ञापन नगर आयुक्त की अनुपस्थिति में उनके कार्यालय में दिया। ज्ञापन में नगर आयुक्त से आबादी क्षेत्र में कूड़ा न डालने और गैर आबादी क्षेत्र में डंपिंग जोन बनाने की मांग की गई।
प्रदेश प्रवक्ता हेमा भण्डारी ने कहा कि निगम की लापरवाही के चलते सराय और आसपास के गावों एक्कड़ कलां, एक्कड़ खुर्द, इब्राहिम पुर जैसे आबादी क्षेत्रों में ग्रामीणों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के जबरदस्त विरोध के बाद भी निगम ने सराय में कूड़ा डालना शुरू कर दिया, जिससे ग्रामीण बीमार हो रहे हैं और बदतर जिंदगी जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहाकि निगम को निजी हाथों में सौंपकर अधिकारी मोटी कमाई कर रहे हैं। निगम ने पूरी व्यवस्था को निजी हाथों में सौंप दिया है ।
महानगर अध्यक्ष अनिल सती ने कहा कि निगम की लापवाही के चलते हरकी पौड़ी से लेकर बड़ा बाजार और रेलवे स्टेशन के पास कूड़े का ढेर लग गया है। शहर में सफाई कर्मचारियों का आभाव है। बरसात में कूड़ा बहकर सड़कों पर आ जायेगा जिससे महामारी फैलने की आशंका बढ़ जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में प्रदेश प्रवक्ता हेमा भण्डारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष रेखा देवी, संगठन महासचिव ग्रामीण खालिद हसन, उपाध्यक्ष हरिद्वार डॉक्टर ब्रह्म पाल सिंह, मयंक गुप्ता, तनुज शर्मा, सचिव अशोक कुमार, निर्वाण सैनी, संजय गौतम, विशाल शर्मा, असद मौजूद रहे।