देहरादून, 08 जुलाई (हि.स.)। देहरादून के सेलाकुई स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में हुई 12 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में दिल्ली तथा देहरादून से सहायक शाखा प्रबंधक एवं शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों ने देहरादून निवासी एक महिला के खाते से 12 लाख रुपये की रकम निकाली थी। उत्तराखंड एसटीएफ मामले में और भी खुलासा कर सकती है।
सुमन सहगल निवासी सेलाकुई ने सेंट्रल बैक ऑफ इंडिया सेलाकुई शाखा में बैंक अधिकारियों द्वारा बिना उनकी अनुमति के एसएमएस अलर्ट नम्बर बदल कर खाते से 12 लाख रुपये धोखाधड़ी से निकाले जाने का मुकदमा पंजीकृत कराया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल नम्बर, ई-मेल आईडी, ई-वॉलेट, बैंक खातों, सीसीटीवी फुटेज व भौतिक साक्ष्यों का विश्लेषण करने पर जानकारी प्राप्त की। इसमें पता चला कि शिकायतकर्ता की बिना अनुमति के धोखाधड़ीपूर्वक खाताधारक के बैंक खाते से गोपनीय जानकारी में परिवर्तन कर नेट-मोबाइल बैंकिग के माध्यम से रुपये निकाले। शिकायतकर्ता की धनराशि से ऑनलाइन माध्यम से सोना खरीदकर उसको बेचकर लाभ अर्जित किया जा रहा था। मामले में अनिरुद्ध थापा, सहायक प्रबन्धक सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया बदरपुर दिल्ली तथा सनी गुलेरी प्रबन्धक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून को गिरफ्तार किया गया है।