सिंगरौलीः अपनी जेबें भरने में लगीं भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही पार्टियां एक जैसीः केजरीवाल

Share

– दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पार्टी की महापौर प्रत्याशी रानी अग्रवाल के समर्थन में किया रोड शोड

सिंगरौली, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा और कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी भी अपना दमखम दिखा रही है। इसी क्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को सिंगरौली पहुंचे। यहां उन्होंने नगर निगम में पार्टी की महापौर प्रत्याशी रानी अग्रवाल के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों ही पार्टियां एक जैसी हैं और दोनों ही विकास के नाम पर अपनी जेबें भरने में लगी हुई हैं।

सिंगरौली नगर निगम में महापौर पद के लिए आम आदमी पार्टी ने रानी अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को सिंगरौली पहुंचकर पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में मेगा रोड शो किया। करीब एक किलोमीटर लंबे इस रोड शो में शहर की जनता का उत्साह दिखा और हजारों लोग उन्हें सुनने के लिए पहुंचे।

रोड शो के बाद उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस विकास के नाम पर अपना जेब भरने का काम करती हैं। पूरे देश में भाजपा-कांग्रेस, कांग्रेस-भाजपा यही खेल चल रहा है। ये लोग काम-धंधा नहीं करते। मध्य प्रदेश में इन लोगों ने आपस में सेटिंग कर रखी है, लेकिन दिल्ली वालों ने ये सेटिंग तोड़ दी, आज दिल्ली में बहुत विकास और काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मैं ताल ठोक कर कह सकता हूं कि आम आदमी पार्टी ईमानदार पार्टी है। सबको देखा इस बार आम आदमी पार्टी को देखिए। पांच साल बाद आपका सिंगरौली विकास पर इतिहास लिखेगा। एक बार आप प्रत्याशी को जिताइए, पांच साल में सिंगरौली का इतिहास बदल दूंगा। जैसे पंजाब और दिल्ली में बिजली फ्री, अन्य सुविधाएं दी हैं, वैसे ही सिंगरौली में वचन पत्र के मुताबिक पूरा काम होगा। सिंगरौली नगर निगम का बजट भी जनता के हिसाब से होगा और जनता बताएगी हमें जो कार्य करना है हम वह कार्य करेंगे।