आंगनवाड़ी केंद्र पर मिल रहे खराब अंडे, गर्भवती महिलाओं की सेहत से हो रहा खिलवाड़

Share

हरिद्वार, 08 जुलाई (हि.स.)। भगवानपुर के शेरपुर गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में गर्भवती महिलाओं की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। यहां आंगनवाड़ी केंद्र पर काफी दिनों से गर्भवती महिलाओं को पोषण के नाम पर सड़े हुए अंडे दिए जा रहे हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, शेरपुर गांव में काफी दिनों से यही चल रहा है। यहां महिलाओं को खराब अंडे वितरित किए जा रहे हैं। इसके अलावा महिलाओं के लिए जो सेनेटरी पैड है, उनपर प्रिंट रेट 6 रुपये लिखा हुआ है, वो ग्रामीणों को दस रुपये का दिया जा रहा है। यानी पांच पैड पचास रुपये के दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार भी जब तीसरी बार सभी ग्रामीण महिलाओं को वितरित किए गए अंडे खराब निकले, तब उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर इसकी शिकायत की।

भगवानपुर विधायक ममता राकेश को जब इस मामले की जानकारी मिली तो वो तत्काल मौके पर पहुंची और इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद भगवानपुर सीडीपीओ ज्ञानेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इसकी दो सुपरवाइजर से जांच कराई जाएगी। कमी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में विधायक ममता राकेश ने कहा कि भगवानपुर के लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी। साथ ही इसमें उचित कार्रवाई की जाएगी।