2024 के लक्ष्य को फतह करने के लिए 24 घंटे करें काम : अनुप्रिया पटेल

Share

विभिन्न दलों के कई दर्जन नेता अपने समर्थकों के साथ अपना दल (एस) की सदस्यता ग्रहण की

लखनऊ, 02 जून (हि.स.)। “उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 फतह करने के बाद अब हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। अब हमें 2024 के लक्ष्य को फतह करना है। इसके लिए हम सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को 24 घंटे मेहनत करनी है। यह बातें अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहीं। वे गुरुवार को लखनऊ के कैंप कार्यालय में आयोजित पार्टी की मासिक बैठक में बोल रही थीं।

उन्होंने घोषणा की कि अगले महीने दो जुलाई को पार्टी के संस्थापक डॉ सोनेलाल पटेल की भव्य जयंती मनाई जाएगी। इस मौके पर सपा, बसपा, पीस पार्टी जैसे विभिन्न दलों से अपना दल एस में शामिल हुए नए पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि पार्टी हित में ही प्रत्येक कार्यकर्ता का हित है।

इस मौके पर पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने संगठन की रूप रेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आप लोगों की बदौलत आज अपना दल एस प्रदेश की तीसरी बड़ी पार्टी है। आपकी बदौलत ही आज मैं उत्तर प्रदेश सरकार का हिस्सा हूं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि उनके सम्मान पर कभी आंच नहीं आने दूंगा। प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार पाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है पार्टी आज प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।

उत्तर प्रदेश विधान सभा में संख्या के लिहाज से भाजपा व सपा के बाद अपना दल एस ही है। इसे अभी बहुत आगे ले जाना है। इस मौके पर विधायक दल के नेता रामनिवास वर्मा, पूर्व कारागार राज्यमंत्री जयकुमार सिंह जैकी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ओपी कटियार, विधायक जीत लाल पटेल, विधायक विनय वर्मा उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश पटेल ने कहा कि इस मौके पर पार्टी की तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय सलाहकार समिति की घोषणा की गई। इस समिति में पूर्व राष्ट्रीय महासचिव जवाहर लाल पटेल एवं राजेंद्र प्रसाद पाल व वरिष्ठ नेता रामप्रकट पटेल शामिल हैं। अन्य दलों से सपा में आने वाले नेताओं में प्रयागराज से सपा नेता व धनूपुर ब्लॉक प्रमुख ज्योति यादव, अयोध्या के बसपा नेता शत्रुघ्न वर्मा, सपा नेता मेराजुद्दीन, बाराबंकी के पूर्व बसपा जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र गौतम आदि रहे।