भोपालः उमा भारती ने फिर खोला शराब दुकानों के खिलाफ मोर्चा, दुकान बंद कराने आशिमा माल पहुंची

Share

– चौपाल लगाकर पिलाया गंगा जल, दिलाई शराब छोड़ने की समझाई

भोपाल, 10 जून (हि.स.)। भाजपा की फायरब्रांड नेत्री और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एक बार फिर शराब दुकानों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने गुरुवार रात भोपाल के मिसरोद क्षेत्र में आशिमा माल के पास स्थित तीन मंजिला इमारत में स्थित शराब दुकान और आहाते को बंद कराने की मांग को लेकर विरोध किया। यहां उन्होंने चौपाल लगाकर लोगों को गंगाजल पिलाया और शराब छोड़ने की समझाई दी। इस अवसर पर उनके समर्थक एवं बड़ी संख्या में रहवासी मौजूद रहे।

भाजपा नेत्री उमा भारती मध्यप्रदेश में शराबबंदी को लेकर अभियान चला रही हैं। इसी के तहत वह गुरुवार रात करीब सवा आठ बजे आशिमा माल पहुंची और पौने नौ बजे तक यहां रूकी। उन्होंने कुर्सी पर बैठकर चौपाल लगाई और मौके पर मौजूद मिसरोद पुलिस को शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए भी कहा है। उन्होंने लोगों को आश्वत किया इस शराब दुकान को यहां से हटाया जाएगा, ताकि यहां के माहौल भयमुक्त हो। हमारा शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। गंगा दहशरे के मौके पर उन्होंने लोगों को गंगौत्री का जल पिलाया और शराब छोड़ने की समझाइश दी।

दरअसल, आशिमा माल के पास खुली शराब दुकान को लेकर यहां की कालोनी के रहवासी शुरू से ही विरोध करते आ रहे हैं। उमा भारती ने यहां पहुंचकर शऱाब दुकान को बंद कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि यहां एक छोटा सा बच्चा अपने भाई को तलाशने आया था। शराब पीकर वह घर कैसे जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाना अपराध है। पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं करती है।

उमा भारती ने कहा कि शराब पीने के बाद हादसे बढ़ रहे हैं। महिला अपराध, समाजिक अपराध को रोकना मुख्य उद्देश्य है। वह अब उन अस्पतालों में जाएंगी, जहां पर शराब की वजह से कई बीमारियों से पीड़ित हुए मरीज भर्ती हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आशिमा माल एवं इसके आसपास का माहौल अच्छा है। यहां से इस शराब दुकान को हटवाया जाएगा। यहां से महिलाएं, युवितयां डर के कारण निकल नहीं पाती हैं। इसी बीच उन्होंने गंगौत्री का जल मंगाया और पानी में मिलाने के बाद सभी को पिलाया। साथ ही शराब पीने वालों को सलाह दी कि वह गंगा जल पिएं।