अनूपपुर: जिले में ट्रैक्टर वाहनों का खनिज परिवहन में उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश

Share

अनूपपुर, 7 जून (हि.स.)। जिले में कृषि कार्य के लिए उपलब्ध ट्रैक्टर वाहनों के खनिज परिवहन में उपयोग पर अब रोक लगाने की रणनीति बनाई गई है। रेत परिवहन के दौरान खदानों में हो रहे हादसों को देखते हुए कलेक्टर ने खनिज अधिकारी को ट्रेक्टरों का इस्तेमाल खनिज परिवहन में नहीं होने के लिए निर्देशित किया है।

मंगलवार को जिला सडक़ सुरक्षा समिति की आयोजित बैठक में कलेक्टर सोनिया मीणा ट्रैक्टर ट्राली में रिफ्लेक्टर लगवाने का कार्य अभियान के रूप में करने के अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही ट्रैक्टर का उपयोग खनिज परिवहन में न हो इसे रोकने खनिज अधिकारी को निर्देश दिए हैं। पिछली बैठक में लिए गए निर्णय के पालन में विभागीय अधिकारियों के बेहतर परिणाम नहीं लाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।

बैठक में एमपीआरडीसी व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। साथ ही रोड मैप तैयार कर ट्रॉफिक प्लान के अनुरूप व्यवस्थाएं बनाने पर चर्चा की। वहीं जिला यातायात प्रभारी सूबेदार वीरेन्द्र कुमरे ने पावर प्वाइंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से जिला सडक़ सुरक्षा समिति के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के संबंध में बिन्दुवार जानकारी दी। इस दौरान सहमति बनी कि सडक़ सुरक्षा के संबंध में जनजागरूकता की जाए तथा सडक दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी तकनीकी बिन्दुओं का गंभीरता से पालन किया जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल, जिपं सीइओ सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।