अनूपपुर, 7 जून (हि.स.)। जिले में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच पुलिस थानों की वास्तविक व्यवस्थाओं की जांच-परख के लिए सोमवार की आधी रात को पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन भ्रमण पर निकले। उन्होंने कोतमा अनुभाग के भालूमाड़ा, कोतमा थानों का निरीक्षण किया, वहीं अनूपपुर अनुभाग के जैतहरी और कोतवाली थाना अनूपपुर रडार पर रहे।
दोनों पुलिस अधिकारी रात 12.30 निरीक्षण में निकले, जो सुबह 4.15 बजे कोतवाली निरीक्षण उपरांत वापसी किए। जांच निरीक्षण की शुरूआत भालूमाड़ा थाना से की, जबकि अंत में सुबह 4 बजे कोतवाली थाना अनूपपुर का निरीक्षण किया। लेकिन इन पुलिस अधिकारियों के थानों के औचक निरीक्षण की भनक न तो दोनों अनुविभाग के एसडीओपी को लगी और न ही थाना प्रभारियों को।
थानों में पुलिस कप्तान के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को देखकर मौजूद थाना अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में अधिकारियों व कर्मचारियों ने वर्दी लगाकर अधिकारियों की अगुवाई। इस दौरान दोनों पुलिस अधिकारियों ने थानों में रखे महत्वपूर्ण रजिस्टर, गश्त रजिस्टर, अनुभाग चेक गश्त अधिकारी एवं थानों के रात्रि गश्त में लगे अधिकारी-कर्मचारी को मौके पर पहुंचकरए उनके की जा रही कार्रवाई का निरीक्षण किया। वहीं थानों में मौजूद रजिस्टरों में अधूरी जानकारी देखकर एसपी ने नाराजगी जताई।
बताया जाता है कि थानों में गश्त रजिस्टर में नियमित इंट्री की कमी थी, इसके अलावा वाहनों की इंट्री रजिस्टर में दर्ज नहीं किए जा रहे थे। जबकि आंगतुकों के रजिस्टर में दर्ज जानकारियों को और बेहतर तरीके से दर्ज करने की हिदायत दी। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने हवालात कक्ष का निरीक्षण कर वहां सीसीटीवी कैमरे और लाइट की व्यवस्था बेहतर बनाने के चेतावनी दी।
पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल ने बताया कि आकस्मिक निरीक्षक का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को अपनी डयूटी के प्रति और अधिक प्रेरित करना एवं रात्रि कालीन अवैध गतिविधियों पर पुलिस का प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था। इसके अलावा रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी व उपयोगी बनाना है। साथ ही पुलिस अधिकारियों को भी चाहिए कि रात के समय थानों की वास्तविक स्थिति और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों किस प्रकार अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं।
वर्दी में नहीं मिले पुलिसकर्मी, दी सख्त हिदायत
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मी वर्दी में नजर नहीं आए, जिस पर सभी को रात के समय भी वर्दी में ही ड्यूटी करने की हिदायत दी गई। उन्हें समझाईश दी गई कि रात के समय किसी घटना के तत्काल कार्रवाई में वर्दी पहनने में ही समय व्यतीत हो जाएंगे, आरोपी पर कार्रवाई कैसे हो पाएगी। इस दौरान कोतवाली थाना में एफआरबी के गैरहाजिर होने पर लाइन अटैच किया गया है। वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को वर्तमान में चुनाव की प्रक्रिया जारी होने पर सख्ती के साथ कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। इसमें वाहनों की इंट्री और जांच को प्राथमिकता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए।