देहरादून, 09 जून (हि.स.)। उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड के 10वीं और 12वीं परीक्षा का परिणाम घोषित हो गया है। इस वर्ष संस्कृत शिक्षा के अंतर्गत पूर्व मध्यमा द्वितीय (हाईस्कूल) में 88.17 प्रतिशत, जबकि उत्तर मध्यमा द्वितीय (इंटरमीडिएट) में 95.65 प्रतिशत परीक्षाफल रहा। गुरुवार को शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा निदेशालय में संस्कृत शिक्षा बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित किया।
पूर्व मध्यमा द्वितीय (हाईस्कूल) में 83.6 प्रतिशत अंकों के साथ शिवनाथ संस्कृत महाविद्यालय देहरादून की छात्रा रिंकी बरिहा ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इसी तरह उत्तर मध्यमा द्वितीय (इंटरमीडिएट) में 86 प्रतिशत अंकों के साथ शिवनाथ संस्कृत महाविद्यालय की ही छात्रा शिवी राणा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
संस्कृत शिक्षा निदेशक ने बताया कि इस वर्ष परिषदीय परीक्षा-2022 के अंतर्गत पूर्व मध्यमा द्वितीय (हाईस्कूल) में कुल 702 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिसमें बालकों की संख्या 632 एवं बालिकाओं की संख्या 70 थी। उत्तर मध्यमा द्वितीय (इंटरमीडिएट) में कुल 844 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 779 बालक और 65 बालिकाएं थीं।