अनूपपुर: ग्रामीणों की सुविधा के लिए जिले की 7 पंचायतों में शुरू होंगे लोक सेवा उपकेन्द्र

Share

अनूपपुर, 2 जून (हि.स.)। शासकीय योजनाओं से लाभांवित होने वाले हितग्राहियों को अपनी जरूरत की दस्तावेजों के कार्य करवाने के लिए अब विकासखण्ड स्तरीय लोक सेवा केन्द्र कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोक सेवा केन्द्र की ओर से सुदूर ग्रामीण अंचलों के ग्रामीणों को राहत पहुंचाने 5 हजार की आबादी वाले क्षेत्र ग्राम पंचायत में उपकेन्द्र कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। इनमें अनूपपुर जिले में 7 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है, ऐसे उपकेन्द्र कार्यालय संचालित करते हुए ग्रामीणों के शासकीय योजनाओं से सम्बंधित सेवाओं का लाभ प्रदाय किया जाएगा। उपकेन्द्र कार्यालय सामान्यत: विकासखंडों में संचालित कार्यालयों की भांति कार्य करेगी। यहां रोजाना ग्रामीणों को सेवाएं मुहैया कराई जाएगी।

वर्तमान में जिले के चारों विकासखंड अनूपपुर, जैतहरी, कोतमा और पुष्पराजगढ़ के मुख्यालय में लोक सेवा केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है। लोक सेवा केन्द्र जिला प्रबंधक सोनू सिंह राजपूत ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 के अंतर्गत सर्वप्रथम 9 विभागों की 26 सेवाओं को शामिल किया गया था। वर्तमान में 47 विभागों की 473 सेवाओं को अधिसूचित किया गया है। अधिसूचित 473 सेवाओं में 258 सेवाओं के ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। जिसमें समाधान एक दिन के 8 विभागों की 40 सेवाएं लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से प्रदाय की जा रही है। 47 विभागों की 473 के साथ 90 सेवाओं को अधिसूचित किया गया है। कुल मिलाकर 563 सेवाओं को अधिसूचित किया गया है। इन सेवाओं के प्रदान के लिए इसे यूएन अवार्ड, स्कॉच अवार्ड के साथ स्टेट आइटी ई-गर्वे अवार्ड भी प्रदाय किया गया है। इन वृहत सेवाओं को देखते हुए वर्तमान में चारों विकासखंड में संचालित कार्यालयों पर काम का अधिक दवाब बढ़ रहा था। जिसे देखते हुए उपकेन्द्र कार्यालय खोलने की योजना बनाई गई है।

मुख्यालय कार्यालय के चक्कर से राहत, इन गांवों का चयन

लोक सेवा गांरटी जिला प्रबंधक अधिकारी ने बताया कि लोक सेवा गारंटी कार्यालय के लिए उपकेन्द्र कार्यालय खोलने के लिए शासन ने कम से 5000 की आबादी नियत की है। ऐसे ग्राम पंचायत जिसकी आबादी 5 हजार की जनसंख्या है या अधिक है वहां नवीन उप लोक सेवा केन्द्र खोले जा रहे हैं। इनमें फिलहाल जैतहरी में 6 और अनूपपुर में 1 उप केन्द्र चयनित है। जैतहरी में ग्राम देवहरा, बरगवां, केल्होरी, अमगांव, देवरी, मेडियारास पंचायत। जबकि अनूपपुर में बदरा पंचायत शामिल किया गया हैं।

लोक सेवा केन्द्र जिला प्रबंधक अनूपपुर सोनू सिंह राजपूत का कहना हैं कि जल्द ही सात पंचायतों में नवीन उप लोक सेवा केन्द्र का संचालन किया जाएगा। संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, जल्द ही सैटअप तैयार कर ग्रामीणों का लाभ दिया जाएगा।