खंडवा: पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का मतदान शनिवार को, मतदान दल गन्तव्य पर पहुंचे

Share

खण्डवा, 24 (हि.स.)। त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन-2022 के लिए प्रथम चरण का मतदान खण्डवा जिले के बलड़ी (किल्लौद), हरसूद एवं खण्डवा विकासखण्ड में शनिवार, 25 जून को सम्पन्न होगा। मतदान प्रातः 7 बजे से प्रारंभ होकर अपरान्ह 3 बजे तक सम्पन्न होगा। मतदान दल अपने गन्तव्य स्थल पर शुक्रवार शाम तक पहुंच चुके हैं।

जिला प्रशासन द्वारा मतदान संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। इससे पूर्व खण्डवा विकासखण्ड के लिए मतदान सामग्री लेकर मतदान दल सुन्दरबाई गुप्ता हायर सेकेण्डरी स्कूल खण्डवा से शुक्रवार सुबह रवाना हुए। इसके अलावा विकासखण्ड हरसूद के लिए मतदान दल शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बायपास रोड हरसूद एवं विकासखण्ड बलड़ी के लिए शासकीय मॉडल स्कूल किल्लौद से मतदान सामग्री लेकर रवाना हुए।

कलेक्टर रजनी सिंह ने मतदान दलों को शुभकामनाएं देकर रवाना किया। उन्होंने इस दौरान मतदान दलों को सामग्री वितरण के लिए परिसर में बने सेक्टर्स का जायजा लिया। सुन्दरबाई गुप्ता हायर सेकेण्डरी स्कूल खण्डवा में पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नंदा भलावे कुशरे, अपर कलेक्टर एस.एल. सिंघाड़े, एसडीएम अरविंद चौहान, रिटर्निंग अधिकारी सहित विभिन्न अधिकारी भी मौजूद थे।