प्रशिक्षण शिविर लगाकर पंचायत सहायकों को किया प्रशिक्षित

Share

फिरोजाबाद, 10 जून (हि.स.)। जिला प्रशासन ने जसराना तहसील के सभी ब्लॉकों में पंचायत सहायकों को आयुष्मान कार्ड बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। जिसके लिए शुक्रवार को स्वास्थ्य और पंचायत विभाग के द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। जिसमें पंचायत सहायकों को प्रशिक्षित किया गया।

जसराना के ब्लॉक सभागार में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में स्वास्थ्य विभाग के बीसीपीएम ने ग्राम सचिवों व पंचायत सहायकों को आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु प्रशिक्षित किया।स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जारी सूची के अनुसार लाभार्थियों का कार्ड बनाने के तरीके समझाए गये।

एडीओ पंचायत रक्षपाल सिंह ने पंचायत सहायकों को प्राथमिकता के आधार पर कार्ड बनाने का निर्देश दिया। इस मौके पर पंचायत सहायकों के साथ स्वास्थय विभाग एवं ब्लाक के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्ड होने पर मिलेगा पांच लाख तक का उपचार

गौरतलब है कि आयुष्मान कार्ड धारक को विभिन्न बीमारियों के इलाज के लिए 5 लाख रुपये की सरकारी सुविधा का प्रावधान है। ग्रामीणों को ये सुविधा आसानी से व शीघ्र मिले इसके लिए पंचायत सहायकों को जिम्मेदारी दी गयी है। जिसके लिए स्वास्थ्य व पंचायत विभाग ने सयुंक्त रूप से उन्हें प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान पंचायत सहायकों को सरकार की मंशा के अनुसार कार्य को अंजाम देने के लिए कहा गया।

चिकित्सा अधीक्षक डा. मुनींद्र कुमार ने बताया कि आयुष्मान कार्ड गांव के पात्रों को उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता में है। इसे तत्काल लाभार्थियों को उपलब्ध कराने हेतु पंचायत सहायकों की सेवा ली जा रही है।