सरकारी योजनाओं से जुड़कर संवरेगा महिलाओं का जीवन स्तरः अंजू चौधरी

Share

– राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने गांव में लगाई चौपाल

हमीरपुर, 15 जून (हि.स.)। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने बुधवार को शाम एक गांव में चौपाल लगाकर महिलाओं की समस्याएं सुनी।

उन्होंने बीडीओ, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान व आशा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देश देते कहा कि यहां की महिलाओं को समस्त योजनाओं की न सिर्फ जानकारी दी जाए बल्कि उन्हें योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर को संवारा जाए।

कुरारा ब्लाक के खरौंज गांव में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी ने महिलाओं को अपना मोबाइल नम्बर देकर कहा कि किसी भी समस्या के लिए उनसे महिलाएं बात कर सकती है। कहा कि महिला आयोग महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं का तत्परता से समाधान करने के लिए कटिबद्ध है। कहा कि पीड़ित महिलाएं व किशोरी आयोग के व्हाट्सएप पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है। इसमें आयोग त्वरित कार्रवाई करेगा।

कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार की सभी जन कल्याणकारी योजनाओं से संतृप्त करना होगा। सरकार की अनेकों योजनाओं को चौपाल में रखते हुए कहा कि यदि कोई महिला समस्या से पीड़ित है तो वह 112 डायल करे। यह नम्बर फ्री नम्बर है जिस पर शिकायत होते ही त्वरित कार्रवाई होती है।

इस मौके पर डीपीओ राजीव कुमार सिंह, समाज कल्याण अधिकारी रामशंकर पटेल व बीडीओ दिव्या त्रिपाठी समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।