हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। केंद्रीय राज्य मंत्री निरंजन ज्योति ने सोमवार को पंचायती अखाड़ा निरंजनी पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से मुलाकात की।
इस मौके पर निरंजन ज्योति ने ज्ञानवापी मुद्दे पर कोर्ट के फैसले पर भरोसा जताया है। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने ज्ञानवापी को लेकर गलत बयानबाजी करने से बचने की अपील की है।
निरंजनी अखाड़े में पहुंची केंद्रीय राज्यमंत्री निरंजन ज्योति ने कानपुर में हुई घटना को लेकर कहा कि जो भी हुआ वो सही नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आने के बाद कहीं भी दंगे नहीं हुए हैं, जिस तरह से कानपुर के हालात हैं, उससे ऐसा लगता है कि सुनियोजित तरीके से किया गया है। उन्होंने यहां दंगा करने वाले लोगों को आगाह करते हुए कहा कि अगर कोई उत्तर प्रदेश में दंगा करेगा तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका क्या करेंगे, ये सभी जानते हैं।
निरंजन ज्योति ने ज्ञानवापी के मामले पर रहा कि वहां नंदी और शिवलिंग सहित सभी तथ्य मिले हैं, जिससे साफ हो गया है कि वहां मंदिर ही था। कोर्ट के फैसले पर पूरा भरोसा है और कोर्ट का निर्णय सही होगा। इस दौरान अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि ज्ञानवापी मामले को लेकर कोर्ट का जो भी फैसला होगा वह सर्वमान्य होगा। उन्होंने अपील है कि वह गलत बयान बाजी से बचें। कोई भी गलत टिप्पणी न करें।