– वैदिक रीति-रिवाज के साथ 138 जोडों ने किया दाम्पत्य जीवन में प्रवेश
– सांसद और डीएम ने दिया नवयुगलों को आर्शीवाद
चित्रकूट,10 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत समाज कल्याण विभाग ने 138 जोडाें का सामूहिक विवाह कराया। सांसद आरके सिंह पटेल ने कहा कि बेटी बोझ नहीं है, बेटी पैदा होने से लेकर शिक्षा ग्रहण करने व कन्या सुमंगला योजना के तहत गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह को सरकार 51 हजार रुपये दे रही है।
राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर में शुक्रवार को नव दम्पति जोडों को आर्शीवाद देते हुए सांसद आर के सिंह पटेल ने कहा कि जिन परिवारों की दो लाख रुपये से कम आमदनी है, वह चाहे जिस जाति के हों, कन्या विवाह के लिए पात्र हैं। प्रधानमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाकर आत्मनिर्भर भारत बनाने का काम किया है।
जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने सांसद, विधायक अविनाश चन्द्र द्विवेदी समेत जनप्रतिनिधियों का अभिनन्दन कर कहा कि 138 नवविवाहित जोडों का मुख्यमंत्री की प्रेरणा से विवाह हुआ है। उन्होंने सभी जोडों को बधाई देते हुए सरकार की ओर से 35 हजार रुपये नकद कन्या के खाते में, दस हजार रुपये जेवर व छह हजार रुपये विवाह में खर्च किये जाते हैं। योजना में एक लाख रुपया अगले बजट में मिलेगा।
इस मौके पर पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, गौ सेवा आयोग के सदस्य भाले सिंह, मानिकपुर ब्लाक प्रमुख अरविन्द मिश्रा, ब्लाक प्रमुख पहाडी सुशील द्विवेदी, ब्लाक प्रमुख मऊ सुशीला देवी, नगर पालिका अध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश खरे, सांसद प्रतिनिधि शक्तिप्रताप सिंह तोमर आदि भाजपा नेताओं ने वैवाहिक जोडों को शुभ कामनायें देते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया।
कार्यक्रम में एडीएम कुंवर बहादुर सिंह, सीडीओ अमित आसेरी, नगर पंचायत के ईओ राम आशीष वर्मा आदि मौजूद रहे। वैवाहिक कार्यक्रम गायत्री शक्तिपीठ के आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार से कराया।