– भाजपा का बूथ विजय संकल्प अभियान शुक्रवार को
भोपाल, 9 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि भाजपा स्थानीय निकाय चुनाव में विजय के लिए चुनावी समर में उतर चुकी है। शुक्रवार, 10 जून को औपचारिक रूप से पार्टी के कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर बूथ विजय का संकल्प लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास, जनता के कल्याण, नगरों एवं गांवों के विकास के लिए केवल भाजपा ने ही कार्य किया है। कांग्रेस ने प्रदेश को तबाह और बर्बाद किया था। हमने पुनर्निर्माण कर नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में मध्यप्रदेश को प्रगति एवं विकास की राह पर आगे बढ़ाने का काम किया है। विकास का यह क्रम निरंतर चलता रहेगा।
मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। दरअसल, भाजपा नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव के बूथों पर शुक्रवार, 10 जून को ‘बूथ विजय संकल्प’ अभियान चलायेगी। अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने अभियान की तैयारियों के लिए पार्टी नेताओं से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और नगरीय निकाय चुनाव का भारतीय जनता पार्टी ने शंखनाद कर दिया है। 10 जून को एक साथ प्रदेश के 65 हजार से अधिक बूथों पर पार्टी के कार्यकर्ता बूथ विजय का संकल्प लेंगे।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं से ही जनता के कल्याण का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने कहा कि 10 जून को बूथ समिति और पन्ना समिति के कार्यकर्ता बूथ पर एकत्र होकर बूथ विजय की रणनीति बनायेंगे। विजय का संकल्प लेंगे और योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क के लिए निकल पड़ेंगे। इस अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता भाग लेगा। उन्होंने बताया कि वे भी अभियान के तहत भोपाल के एक बूथ पर पहुंचेंगे।
जीतेगा बूथ, जीतेगी भाजपा के मंत्र के साथ कार्यकर्ता बूथ विजय संकल्प लेंगे : शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी मध्यप्रदेश के प्रत्येक नगरीय निकाय एवं ग्रामीण निकाय के बूथों पर बूथ विजय संकल्प अभियान चलायेगी। पार्टी के कार्यकर्ता जीतेगा बूथ, जीतेगी भाजपा के मंत्र के साथ बूथ विजय का संकल्प लेंगे। उन्होंने बताया कि जिलों की चुनाव प्रबंध समिति, मंडलों की टीम, बूथ त्रिदेव सहित पूरी बूथ समिति इस अभियान की तैयारी में जुटी है। बूथ विजय संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेतागण और कार्यकर्ता बूथ पर पहुंचेंगे और बस्तियों में जाकर योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क करेंगे।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश शासन के मंत्री भूपेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, सह मीडिया प्रभारी नरेन्द्र पटेल, प्रदीप त्रिपाठी, अभयप्रताप सिंह, शैलेन्द्र शर्मा, एसएस उप्पल, अमन शुक्ला, सुयश त्यागी, गौरव विश्वकर्मा, शुभम वर्मा उपस्थित थे। बैओठक के बाद मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अभियान की तैयारियों का जायजा लिया।