भोपाल, 24 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के अनेक बड़े नेता मौजूद रहे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी द्रौपदी मुर्मू द्वारा दाखिल नामांकन के साक्षी बने।
मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा, “मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे भारत की जनजातीय समाज की पहली और देश की द्वितीय महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू जी के नामांकन के ऐतिहासिक पलों के साक्षी बनने का अवसर प्राप्त हुआ है।”
उन्होंने अगले ट्वीट में लिखा-“अतुलं तत्र तत्तेजः सर्वदेवशरीरजम्। एकस्थं तदभून्नारी व्याप्तलोकत्रयं त्विषा॥” उन्होंने कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके कुशल नेतृत्व में राष्ट्र में सामाजिक न्याय के साथ एक आदर्श, समरस समाज का निर्माण होगा जो भारत को प्रगति पथ पर अग्रसर करते हुए इसे विश्व का सिरमौर बनाएगा।”