कुत्ते की मौत मामले में सपा नेता समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Share

– मालिक को बचाने में गई थी मैक्स (कुत्ता) की जान

सुलतानपुर, 06 जून (हि.स.)। पालतू कुत्ते को गोली मारने के मामले में पुलिस ने कुत्ते के मालिक की तहरीर पर सपा नेता समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले में सांसद मेनका गांधी के हस्तक्षेप के बाद हरकत में आई और उसने कार्रवाई की है।

जिले के कोतवाली देहात थाना अंतर्गत विकवाजितपुर गांव निवासी विशाल श्रीवास्तव उर्फ शनि गांव में पिछले कई वर्षों से गौशाला चलाते हैं। रविवार को वो गौशाला परिसर में ही भूसा रखने के लिये एक भूसौले का निर्माण करवा रहे थे। इसी दौरान बगल के रामबरन वर्मा पीजी कालेज के प्रबंधक व सपा नेता अनिल वर्मा अपने ड्राइवर के साथ गौशाला के अंदर पहुंचे और विशाल को भूसौला निर्माण करने से रोकने लगे। बताया जाता है कि बात बढ़ी और गुस्से में आए अनिल वर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर विशाल पर फायर कर दिया था।

उस समय विशाल का पालतू कुत्ता मैक्स भी वहां मौजूद था। मालिक पर फायर होता देख मैक्स आगे आ गया और गोली उसे जा लगी। गोली लगने से वो घायल हो गया। घटना के बाद अनिल वर्मा मौके से निकल गए। इसके बाद विशाल अपने साथियों के साथ मैक्स को लेकर जिला पशु अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गई थी। पुलिस इस मामले में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।