रबात, 6 जून (हि.स.)। भारत के अविनाश साबले प्रतिष्ठित डायमंड लीग मीट में 3000 मीटर स्टीपलचेज में पांचवें स्थान पर रहे, हालांकि उन्होंने आठवीं बार अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ा।
महाराष्ट्र के बीड जिले के एक साधारण परिवार के 27 वर्षीय सेना के जवान अविनाश ने रविवार देर रात 8 मिनट 12.48 सेकेंड का समय लिया। उन्होंने मार्च में तिरूवनंतपुरम में इंडियन ग्रां प्री के दौरान 8 मिनट 16.21 सेकेंड के अपने पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड में 3 सेकेंड से अधिक का सुधार किया।
साबले टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता केन्या के बेंजामिन किगेन से आगे रहे जो 8:17.32 के साथ आठवें स्थान पर रहे।
टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता सौफिएन एल बक्कली ने 7:58.28 के मीट रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।
इथियोपिया के टोक्यो ओलंपिक रजत विजेता लामेचा गिरमा 7:59.24 समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि उनके हमवतन हैलीमारीयम तेगेगन ने 8:06.29 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
2016 के रियो ओलंपिक चैंपियन केन्या के कॉन्सलस किप्रुटो 8:12.47 के समय के साथ चौथे स्थान पर थे, जो साबले से एक सेकंड का सौवां हिस्सा था।
साबले को कई बार अपने ही 3000 मीटर स्टीपलचेज राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए जाना जाता है। उन्होंने पहली बार 2018 में राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैंपियनशिप में 8 मिनट 29.80 सेकेंड के समय के साथ गोपाल सैनी का 8 मिनट 30.88 का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था।
उन्होंने पिछले साल अमेरिका में पुरुष 5000 मीटर रेस में बहादुर प्रसाद का 30 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था। बहादुर ने 1992 में बार्सिलोना में 13 मिनट 29.70 सेकेंड के समय के साथ रिकॉर्ड बनाया था, जो साबले ने 13 मिनट 25.65 सेकेंड के समय के साथ तोड़ दिया।