फिंच ने की मैक्सवेल की तारीफ, कहा-उन्होंने एक असाधारण पारी खेली

Share

पल्लेकेले, 15 जून (हि.स.)। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने श्रीलंका के खिलाफ पहले एकदिवसीय मैच में बेहतरीन नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलने वाले ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल की जमकर तारीफ की है।

स्टीवन स्मिथ के अर्धशतक और मैक्सवेल की 80 रनों की शक्तिशाली पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में मंगलवार को यहां पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका को दो विकेट से हराया।

फिंच ने मैच के बाद कहा, “यह एक अच्छा मैच था, मैक्सवेल की यह एक असाधारण पारी थी। हमारा प्रदर्शन थोड़ा खराब रहा है। हम अपनी गेंदबाजी पर काम करते रहेंगे।”

श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 301 रनों का लक्ष्य रखा, जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने बेहद खराब शुरूआत की और डेविड वार्नर बिना कोई रन बनाए महेश तीक्ष्णा की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद एरोन फिंच और स्टीवन स्मिथ ने दूसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी की, लेकिन फिंच 72 के कुल स्कोर पर 44 रन बनाकर वानिंदु हसरंगा का शिकार बने। इसके बाद बारिश ने खेल को रोक दिया और ऑस्ट्रेलिया को 44 ओवर में 288 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। फिंच के बाद बल्लेबाजी करने आए मार्नश लाबुसेन स्मिथ के साथ देने क्रीज पर आए और 31 गेंदों पर 24 रन बनाए, लेकिन 22वें ओवर में 126 के कुल स्कोर पर दासुन शनाका ने उन्हें पवेलियन भेज दिया।

लगातार गिरते विकेटों के बीच मैक्सवेल एक छोर पर खड़े रहे और केवल 51 गेंदों में नाबाद 80 रनों की पारी खेल ऑस्ट्रेलिया को दो विकेट और नौ गेंद शेष रहते हुए जीत दिला दी। श्रीलंका के लिए, हसरंगा ने चार विकेट लिए।ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच गुरुवार को दूसरा एकदिनी मुकाबला खेला जाएगा।