कानपुर, 29 जून (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी से चल रही नम हवाएं मानसून को उत्तर प्रदेश की ओर ढकेल रहा है। इससे बुधवार को हल्की बारिश हो गई और तेज हवाओं से लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी हद तक राहत मिल गई। मौसम विभाग का कहना है कि जल्द ही मानसून कानपुर सहित मण्डल में तेज बारिश होगी।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि पश्चिम मध्य अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी राजस्थान पर बना हुआ है। विज्ञापन एक ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिमी राजस्थान पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से लेकर उत्तरपूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा तट तक फैली हुई है। एक ट्रफ रेखा उत्तरी महाराष्ट्र तट से उत्तरी केरल तट तक फैली हुई है।
बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस गिर गया और 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 83 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 73 प्रतिशत रही। हवा की दिशाएं दक्षिण पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 7.8 किमी प्रति घंटा रही। आगामी पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण 29 जून से एक जुलाई के मध्य गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।