पानी के लिए कमिश्नरी में धरने पर बैठे सभासद

Share

नैनीताल, 19 मई (हि.स.)। जल संस्थान कार्यालय में धरने पर बैठ चुके नगर पालिका के सभासद मनोज साह जगाती कुमाऊं कमिश्नरी में अकेले धरने पर बैठ गए हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक कोई अधिकारी उनकी समस्या पूछने नहीं आए। अपर मंडलायुक्त पास से गुजरे, पर उनकी समस्या नहीं जानी। आज वह अपराह्न तीन बजे तक धरने पर रहेंगे। इसके बाद भी उनकी समस्या का समाधान न होने पर हर रोज दो घंटे यहीं धरने पर बैठेंगे।

मंडलायुक्त कार्यालय को दिए जा रहे ज्ञापन में जगाती ने कहा है कि उनके अयारपाटा वार्ड में पानी की लगातार समस्या बनी हुई है। पूर्व में नैनीताल क्लब में मंडलायुक्त के सामने डीएम व विधायक को भी इस समस्या से अवगत कराया गया था। इसके बाद भी इस समस्या का निवारण नही हो पाया। बताया कि वार्ड के ड्रम हॉउस में 4 दिन से, हाईवे क्षेत्र में 2 दिन से तथा एवेर फॉइल, स्लोडन, बियाना लॉज व डलहौजी क्षेत्रों में 3 दिनों से पानी नहीं आया है। इसको लेकर बीती शाम 6 बजे से उन्होंने जल संस्थान के पम्प हाउस में धरना दिया।

इस पर जलस्थान के महाप्रबंधक के आश्वासन के बाद में रात्रि 9 बजे से धरने से उठे परन्तु रात से लेकर सुबह 11 बजे तक भी पानी नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि जल संस्थान लगातार बड़े होटलों ओर स्कूलों को पानी देता है, लेकिन आम लोग प्यासे हैं।

इस बारे में जल संस्थान के सहायक अभियंता डीएस बिष्ट ने कहा कि कल शाम सात बजे से ही क्षेत्र में पानी की सुचारू आपूर्ति की अनेक क्षेत्रीय लोगों से पुष्टि की गई है। आज भी क्षेत्र में आपूर्ति की पुष्टि की गई है। टैंकर से भी क्षेत्र में पानी भेजा गया है। अपर सहायक अभियंता त्रिवेंद्र जोशी सुबह से ही इसी क्षेत्र में हैं। उन्होंने बताया यहां टिफिन टॉप से पानी आता है। इस लाइन में लगभग 50 संयोजन ही हैं। लंबी लाइन होने की वजह से देरी हो सकती है। जबकि अपर सहायक अभियंता त्रिवेंद्र जोशी ने बताया कि कल पंप खराब होने से दिक्कत आई थी। अब क्षेत्र में आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।