लखनऊ, 20 मई (हि.स.)। लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में चल रहे कैम्प के दौरान शुक्रवार को आई.ए.एस रंजन कुमार द्वारा भारतीय दृष्टि बाधित खिलाड़ियों को जूडो किट दिया गया। ये खिलाड़ी 25 से 30 मई तक नूर सुल्तान कज़ाकिस्तान में आयोजित होने वाली आई.बी.एस.ए. जूडो ग्राण्ड प्रिक्स में प्रतिभाग करेंगे।
इस अवसर पर रंजन कुमार ने खिलाड़ियों से कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खेल एवं खिलाड़ियों के लिये अवार्ड व नौकरियों में कोई कमी नहीं कर रही है। आप अच्छा प्रदर्शन करें तो आपको इसका फायदा मिलेगा। भारतीय दृष्टिबाधित जूडो टीम प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए 23 मई को लखनऊ से रवाना होगी।
कजाकिस्तान में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने वाली खिलाड़ियों में मध्य प्रदेश की जानकी बाई, हरियाणा की मुकेश रानी, तमिलनाडू की मगेस्वरी मुरूगन, मध्य प्रदेश की स्वाति शर्मा, हरियाणा की कोकिला, दिल्ली की गुलशन, महाराष्ट्र की रेनुका नारायण साल्वे, तेलंगाना की सुजीत थोताकुरी, मनोहरन जानकी रमन, मध्य प्रदेश की कपिल परमार आदि शामिल हैं।
इस अवसर पर मुकेष कुमार मेश्राम, आईएएस एवं अध्यक्ष, इण्डियन ब्लाइंड एण्ड पैरा जूडो एसोसिएशन, बी.के मौर्या, आईपीएस एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रकाश डी., आईपीएस एवं उपाध्यक्ष, यूपी ब्लाइंड एण्ड पैरा जूडो एसोसिएशन, सुधीर हलवासिया, उपाध्यक्ष, इण्डियन ब्लाइंड एण्ड पैरा जूडो एसोसिएशन आदि मौजूद थे।