सुलतानपुर, 22 मई (हि.स.)। दोस्तपुर थाना क्षेत्रार्न्तगत एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसकी लाश रविवार को गांव के बाहर नाले के पास मिला। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्या के खुलासे को लेकर टीम का गठन किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ.विपिन कुमार मिश्र ने रविवार को यह बताया कि थाना दोस्तपुर के गुड़हल सुनहरी निवासी छवि राज प्रजापति (55) शनिवार की बीती शाम को घर का सामान खरीदने के लिए निकला था। बेलवारे से कुछ ही दूरी पर पुलिया के पास रविवार की सुबह उनकी लाश मिली है। उनके सिर में गोली लगी है। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
एसपी ने बताया कि मृत छह भाईयों में सबसे छोटा था। हत्या की वजह अभी तो खुलकर सामने नहीं आयी है, लेकिन यह कहा जा रहा है कि उसने अपने हिस्से की जमीन बड़े भाई को बेची थी। हो सकता है कि इसी जमीन को लेकर उसके अन्य भाई उससे नाराज चल रहे थे। इसी वजह से वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे को लेकर टीमें लगा दी गई है।