22 मई को खुलेंगे हेमकुंड साहिब व लोकपाल के कपाट
गोपेश्वर, 20 मई (हि.स.)। हेमकुंड साहिब और लोकपाल के कपाट खुलने से पहले शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक चमोली ने गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। हेमकुंड साहिब और लोकपाल के कपाट आगामी 22 मई से खुलेंगे।
श्वेता चौबे
सिखों के पवित्र धाम हेमकुण्ड साहिब के कपाट खुलने में कुछ ही दिन शेष रह गये हैं। हेमकुण्ड साहिब की सुरक्षित यात्रा के दृष्टिगत संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। थाना गोविन्दघाट से हेमकुण्ड साहिब तक उनके निरीक्षण के दौरान एसडीआरएफ एवं पुलिस बल भी साथ रहे। उन्होंने यात्रा ड्यूटी में नियुक्त सभी पुलिसकर्मियों, एसडीआरएफ, थानाध्यक्ष गोविन्दघाट को ब्रीफ किया और उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
इस दौरान एसपी चौबे ने टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों को पुलना से गोविन्दघाट तक का किराया निर्धारित करने, वाहनों पर अनिवार्य रूप से रेट लिस्ट लगवाने और यात्रियों से निर्धारित किराये से अधिक न वसूलने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने घोड़ा-खच्चर स्वामियों को भी यात्रियों से निर्धारित किराये से अधिक न वसूलने एवं अनिवार्य रुप से रेट लिस्ट लगाने को कहा।
उन्होंने बताया कि हेमकुण्ड साहिब की सकुशल यात्रा एवं यात्रियों की सहायता के लिए भ्यूंडार में पुलिस की अस्थाई चौकी और घाघरिया में सीजनल चौकी स्थापित की गई हैं। दोनों चौकियों पर एसडीआरएफ के जवान भी मौजूद रहेंगे। सीजनल चौकियों में महत्वपूर्ण सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए रेडियो स्टैटिक सैट लगाए गए हैं। हेमकुण्ड साहिब यात्रा रुट पर पुलिसकर्मी वायरलेस रेडियो हैण्डसेट के साथ ड्यूटी करेंगे। यात्रा मार्ग में संकरा मार्ग और भूस्खलन संभावित क्षेत्र में एसडीआरएफ की टीम तैनात किया गया है। सुरक्षा के दृष्टिगत एक दिन में निर्धारित तय सीमा में ही श्रद्धालुओं को गोविन्दघाट से हेमकुण्ड साहिब के लिए रवाना किया जाएगा। इसके अलावा दिन में 12 बजे बाद किसी यात्री को घांघरिया से हेमकुण्ड के लिए रवाना नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने हेमकुण्ड साहिब यात्रा ड्यूटी में लगे सभी पुलिस कर्मियों एवं एसडीआरएफ टीम को सतर्कता से ड्यूटी करने, यात्रियों के साथ मैत्री और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने, ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के लिए भी निर्देशित किया गया है।