राजगढ़ःवैदिक मंत्रों के साथ किया श्रीराम दरबार का अभिषेक,प्राण प्रतिष्ठा कल

Share

राजगढ़,7 मई (हि.स.)। शहर से लगे ग्राम बरखेड़ा में नवकुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें शनिवार को प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व भगवान श्रीराम दरबार का वैदिक मंत्रों के साथ अभिषेक किया गया और शयन के लिए लाया गया।

नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में रविवार को भक्ति भाव व श्रद्धा के साथ श्रीराम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। महायज्ञ कार्यक्रम में हवन के बाद मंडप में श्रीराम दरबार का अभिषेक किया गया और शयन के लिए लाया गया। इस दौरान गांव में गिरिराजधरण की झांकी सजाकर कलश एवं ध्वजा के साथ गांव में परिक्रमा निकाली गई, जिसमें यजमान श्रद्धाभाव के साथ शामिल रहे।

नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में श्रीराम दरबार प्राण प्रतिष्ठा के लिए बरखेड़ा में नवकुण्डीय यज्ञ का आयोजन 3 मई से किया जा रहा है, जिसका समापन 9 मई को यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा। इस दौरान चल रही भागवत कथा में पं.प्रमोद नागर ने भगवान गिरिराजधरण की महिमा की विस्तृत व्याख्या करते हुए कहा कि भगवान गिरिराजधरण की परिक्रमा करने से मनुष्य के सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। भागवत कथा को लेकर ग्रामीणजनों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।