माउंट माउंगानुई, 10 मई (हि.स.)। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स टीम के इंग्लैंड दौरे पर जाने से कुछ समय पहले चोटिल हो गए।
सप्ताहांत में उड़ान भरने से पहले माउंट माउंगानुई में चल रहे अभ्यास के दौरान चोट लगने के बाद निकोल्स के दाहिने कॉल्फ का स्कैन किया जाएगा। अगले एक-दो दिनों में उनकी उपलब्धता पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने कहा,”उनका आज एमआरआई स्कैन किया जाएगा, जिसके बाद उनके चोट पर स्थिति और साफ होगी। मुझे लगता है कि अगले 24 से 48 घंटे में हमें इस बात का पता चलेगा कि उनकी चोट कितनी गंभीर है।”
निकोल्स कीवी की टेस्ट टीम का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने 46 मैचों में 40.38 की औसत से आठ शतक लगाए हैं।
न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला का पहला मैच 2 जून से लॉर्ड्स में खेला जाएगा। दोनों टीमें मई के अंत में दो अभ्यास मैचों में भी एक-दूसरे का सामना करेंगी।