गाजियाबाद, 09 मई (हि.स.)। जनपद गाजियाबाद में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल लिया। गनीमत यह रही कि वहां मौजूद स्टॉफ कर्मियों ने उसे बचाया और पुलिस को सौंपा।
आत्मदाह करने वाला युवक पुलिस कार्रवाई से नाराज था। आरोप है कि उसकी बेटी को विशेष समुदाय का युवक अपने साथ ले गया। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की तो मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र की पुलिस ने उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। इसी बात से आहत होकर आज वह कलेक्ट्रेट पहुंचे। परिसर में आत्मदाह करने के उद्देश्य अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल लिया।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक नगर निपुण अग्रवाल मौके पर पहुंचे और युवक को कार में बैठा कर अपने साथ ले गए। उधर जिलाधिकारी ने भी इस पूरे प्रकरण पर नाराजगी जताई पीड़ित को न्याय दिलाने के साथ आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।