जोशीमठ, 22 मई (हि.स)। गुरुदासपुर पंजाब से हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए सरदार तेजेंदर सिंह ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। तेजेंदर सिंह चमोली बस स्टॉप से टैक्सी वाहन में जोशीमठ के लिए बैठे, इसी वाहन में महिला शशि खंडूड़ी भी सवार थीं, जो तपोवन में आयोजित भागवत कथा में सम्मिलित होने के लिए जा रही थीं।
जोशीमठ में वाहन से उतरते वक्त एक जैसे बैग होने के कारण उनके बैग बदल गए। तेजेंदर सिंह जब गोविंदघाट पहुंचे और बैग खोला तो उनके होश उड़ गए। बैग में ज्वैलरी और कुछ नकदी भी थी। उन्होंने तत्काल गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी को इसकी जानकारी देते हुए यह भी बताया कि संभवतः यह बैग उस महिला का हो सकता है जो आपस में किसी भागवत कथा में तपोवन जाने की बातें कर रही थीं।
इस पर हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने विस्तृत जानकारी लेते हुए तपोवन संपर्क कर बैग की सूचना दी।
इधर तपोवन पहुंची महिला शशि खंडूड़ी ने भी जब बैग खोला तो उनके भी होश उड़ गए, लेकिन उन्हें तत्काल ही बैग सुरक्षित होने की जानकारी मिल गई। तब वे परिजन के साथ गोविंदघाट पहुंचीं और बैग को प्राप्त करते हुए सरदार तेजेंदर सिंह का आभार जताया।
गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी ने भी सरदार तेजेंदर सिंह द्वारा ईमानदारी की मिसाल पेश करने पर कमेटी की ओर से उनका शुक्रिया अदा किया।