जबलपुर : बदमाश के कब्जे से मुक्त कराई शासकीय जमीन

Share

जबलपुर, 20 मई (हि.स.) । प्रदेश में इन दिनों राशन की काला बाजारी, मिलावटखोरों, भू-माफियाओं, चिटफंड कंपनी के कारोबारियों एवं सूदखोरों के विरूद्ध निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त कार्यवाही कर बदमाश के कब्जे से शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

जानकारी के अनुसार मुन्नालाल उर्फ मुन्ना यादव पुत्र स्व. शंकरलाल यादव निवासी बिछुआ टोला ग्राम छतरपुर थाना पनागर एक अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है। जिसके विरूद्ध बलवा कर शासकीय कार्य मे व्यवधान उत्पन्न कर मारपीट, एवं घर में घुसकर बलवा कर मारपीट आबकारी एक्ट के चार प्रकरण दर्ज हैं। बदमाश मुन्नालाल के द्वारा थाना पनागर अन्तर्गत बिछुआ टोला ग्राम छतरपुर में शासकीय 1600 वर्ग फुट भूमि जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये पर 15 लाख रुपये की लागत से दुकान का निर्माण कर शराब दुकान किराये पर संचालित करवा रहा था। शुक्रवार को प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए अवैध निर्मित दुकान को जमीदोज करते हुये कब्जा मुक्त कराया। साथ ही लगभग दस एकड़ शासकीय भूमि कीमत लगभग एक करोड़ रूपये पर कब्जा कर ईंट भट्टे का संचालन एवं खेती करवा रहा था, जिसे भी कब्जा मुक्त कराया गया।