मुंबई, 18 मई (हि.स.)। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन बुधवार को अपने दूसरे बच्चे के जन्म के लिए न्यूजीलैंड वापस लौट गए हैं और अब वह आईपीएल 2022 के शेष बचे मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद ने ट्विट किया,”हमारे कप्तान केन विलियमसन अपने परिवार में नए मेहमान के स्वागत के लिए न्यूजीलैंड वापस जा रहे हैं। यहां टीम शिविर में सभी केन विलियमसन और उनकी पत्नी की सुरक्षित डिलीवरी की कामना कर रहे हैं।”
विलियमसन के जाने की घोषणा हैदराबाद की मुंबई इंडियंस पर मिली जीत के एक दिन बाद की गई। हैदराबाद ने मंगलवार को मुंबई को 3 रन से हराकर आईपीएल 2022 के प्लेऑफ़ की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा है।
कप्तान केन विलियमसन ने आईपीएल 2022 में 13 मैच खेले हैं और सिर्फ 216 रन बनाए हैं। हैदराबाद वर्तमान में आईपीएल 2022 अंकतालिका में 8वें स्थान पर है। हैदराबाद ने 13 मैच खेले हैं, जिसमें उसे 6 में जीत और सात में हार मिली है। हैदराबाद की टीम 22 मई को अपने अंतिम लीग मैच में पंजाब किंग्स का सामना करेगी।