आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन पर मैथ्यू वेड को लगी फटकार

Share

मुंबई, 20 मई (हि.स.)। गुजरात टाइटंस के विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड को यहां वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ मुकाबले के दौरान मैच रेफरी द्वारा आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के लिए फटकार लगाई गई है।

आईपीएल ने द्वारा जारी बयान के अनुसार, “गुजरात टाइटन्स के मैथ्यू वेड को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ अपनी टीम के मैच के दौरान टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए फटकार लगाई गई है। वेड ने आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के तहत स्तर 1 का अपराध स्वीकार कर लिया है और सजा मान ली है। आचार संहिता के स्तर 1 के उल्लंघनों के लिए, मैच रेफरी का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी है।”

बता दें कि ग्लेन मैक्सवेल की गेंद पर वेड को एलबीडब्ल्यू आउट करार दिया गया था, लेकिन रीप्ले से पता चला कि गेंद उनके बल्ले को छूती हुई पैड से लगी थी। आउट दिए जाने के बाद वेड निराश हो गए और ड्रेसिंग रूम में पहुंचकर वेड ने अपना हेलमेट फर्श पर पटक दिया और अपना बल्ला भी फेंक दिया।

मैथ्यू वेड के ड्रेसिंग रूम का वीडियो वायरल हो गया और मैच रेफरी ने गुजरात टाइटंस के क्रिकेटर को उनके गुस्से के लिए फटकार लगाने का फैसला किया। गुजरात टाइटंस की टीम को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा।