वाराणसी, 09 मई (हि.स.)। ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत मिशन शक्ति 4.0” अभियान में सोमवार को जिले के सभी ब्लाकों पर लगे स्वावलम्बन कैम्प’ में महिलाएं जुटी। जिसमें महिलाओं और बच्चों को उनसे सम्बन्धित हितकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी, साथ ही उनसे आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करायी गयी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रवीण त्रिपाठी के अनुसार कैम्प का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के लिए सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ उन्हें दिलाना है। इन कैम्पों में विभाग की ओर से स्टॉल लगाकर योजनाओं का प्रचार -प्रसार कर लोगों को जागरूक किया गया। सरकार की ओर से संचालित योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, विधवा पेंशन योजना, वृद्धा पेंशन योजना, आदि योजनाओं की जानकारी दी गई।
महिला कल्याण अधिकारी अंकिता श्रीवास्तव ने बताया कि महिलाओं और बच्चों को योजनाओं से लाभान्वित होने के लिए कहीं भटकना न पड़े, इस कारण कैम्प लगाकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करायी गयी। महिला शक्ति केन्द्र की जिला समन्वयक रेखा श्रीवास्तव और प्रियंका ने बताया कि हम लोगों की पूरी कोशिश है कि इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं, बच्चों को मिल सके। कैम्प में महिला एवं बाल विकास के अलावा बेसिक शिक्षा, समाज कल्याण व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। पति की मृत्यु उपरान्त मिलने वाली निराश्रित महिला पेंशन योजना के अलावा कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के बारे में खास तौर पर बताया गया। कैम्प में आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ता, बीसी सखी, अध्यापिका व छात्राएं भी शामिल रहीं।
पिण्डरा ब्लाक में लगे कैम्प में आयी रचना मौर्य ने बताया कि कैम्प में शामिल होने से उसे निराश्रित महिला पेंशन योजना के बारे में जानकारी मिली। रचना ने बताया कि कुछ माह पूर्व ही उसके पति का निधन हुआ है। कैम्प में शामिल होने के बाद उसे जो जानकारी मिली है उससे वह इस योजना से लाभान्वित हो सकेगी।