भुवनेश्वर, 18 मई (हि.स.)। सेतु एफसी ने मंगलवार को कलिंगा स्टेडियम में चल रहे इंडियन विमेंस लीग में एसएसबी महिला एफसी पर 6-0 की शानदार जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में सेतु एफसी ने आक्रामक शुरूआत की और किओको एलिजाबेथ ने मैच के नौवें मिनट में ही गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। सेतु एफसी के लिए मैच के 14वें मिनट में संध्या रंगनाथन ने दूसरा गोल किया।
इस गोल के कुछ मिनट बाद ही ग्रेस हौहनर ने गोल कर सेतु एफसी को 3-0 से आगे कर दिया। पहले हाफ के अंत में रेणु रानी ने सेतु के लिए चौथा गोल किया।
दूसरे हॉफ के कुछ देर बाद ही अंजू तमांग ने सेतु के लिए पांचवां गोल किया। किओको एलिजाबेथ ने 87वें मिनट में सेतु के लिए छठा गोल किया और अपनी टीम को 6-0 से आगे कर दिया और यही स्कोर अंत में निर्णायक साबित हुआ।
एसएसबी महिला एफसी अपना अगला आईडब्ल्यूएल मैच शनिवार 22 मई को राजधानी मैदान में ओडिशा पुलिस के खिलाफ खेलेगी, जबकि सेतु एफसी रविवार को उसी मैदान पर अपने अगले मुकाबले में हंस महिला एफसी का सामना करेगी।