संसदीय समिति ने बीएचईएल में राजभाषा कार्यान्वयन को सराहा

Share

हरिद्वार, 18 मई (हि.स.)। राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए संसदीय समिति द्वाराबीएचईएल हरिद्वार की सराहना की गयी है। देहरादून में आयोजित संसदीय राजभाषा समिति की निरीक्षण बैठक में समिति के संयोजक डॉ. मनोज राजौरिया ने बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक प्रवीण चंद्र झा को प्रशंसा पत्र प्रदान किया।

कार्यक्रम में राजौरिया ने राजभाषा कार्यान्वयन की दिशा में बीएचईएल, हरिद्वार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। निरीक्षण बैठक में उपस्थित अन्य सांसद सरोज पांडेय, डॉ. अमी याज्ञिक, प्रतापराव जाधव, दिनेश चंद्र यादव तथा विशेष रूप से आमंत्रित पुरोला के विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भी बीएचईएल द्वारा राजभाषा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को सराहा। इससे पूर्व बैठक का आरंभ करते हुए समिति के सचिव धर्मराज खटीक ने समिति के महत्त्व पर प्रकाश डाला।

बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक प्रवीण चन्द्र झा ने समिति का स्वागत करते हुए संस्थान में राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग में किए जा रहे प्रयासों, उपलब्धियों व भावी कार्य-योजनाओं से समिति को अवगत कराया। बैठक के उपरांत महाप्रबंधक (मानव संसाधन) नीरज दवे ने समिति का आभार व्यक्त किया। आयोजन स्थल पर हरिद्वार प्रभाग में राजभाषा कार्यान्वयन की स्थिति को दर्शाती एक प्रदर्शनी भी लगाई गई।

बैठक में भारी उद्योग मंत्रालय के उप सचिव राजेश कुमार, सहायक निदेशक कुमार राधारमण, बीएचईएल कॉर्पोरेट कार्यालय के महाप्रबंधक एवं प्रमुख (मानव संसाधन) एम इसादोरव अपर महाप्रबंधक (राजभाषा) चंद्रकला मिश्र ने भाग लिया। हरिद्वार प्रभाग से महाप्रबंधक (प्रभारी) सीएफएफपी विवेक कुमार रायजादा तथा अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) पीके श्रीवास्तव सहित राजभाषा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।