हरिद्वार, 11 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष के नेतृत्व में बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण महंगाई बढ़ रही है। युवा बेरोजगार हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। गृहणियों का घर खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नही रेंग रही है। वर्तमान केंद्र सरकार चंद उद्योगपतियों के हाथों की कठपुतली बनकर रह गयी है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम हजार रुपये पार कर गए हैं। प्रदेश में चार धाम यात्रा की शुरुआत हो चुकी है, जिसको लेकर व्यापारियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है लेकिन बढ़ते दामों से यात्रा मुश्किल हो गयी है।
शर्मा ने कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के बाद व्यापारियों में एक उम्मीद जगी थी लेकिन कमरतोड़ महंगाई के चलते और मार्ग में हो रही अव्यवस्थाओं के चलते यात्री खासे निराश और परेशान हैं। दूसरी तरफ प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज दुबई यात्रा में व्यस्त है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर असफल है।
आप पार्टी के नेता अनिल सती ने कहा कि 2014 में महंगाई का रोना लेकर भाजपा सत्ता में आई आज इनके कार्यकाल में महंगाई ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मन की बात करने वाले प्रधानमंत्री देश की जनता की बात कब सुनेंगे।
इस दौरान अमरीश गिरी, डॉक्टर जाति राम, कुंज शर्मा, मनोज कश्यप, शमशाद, तसलीम अली, दीप्ति चौहान, आकाश चौहान, प्रमेन्द्र कुमार, मास्टर चांदमल, अनीश खान, मुस्तफा आदि उपस्थित रहे।