हरिद्वार, 24 मई (हि.स.)। शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन व हिन्दू धर्म को अपनाने वाले वसीम रिजवी उर्फ सत्यनारायण त्यागी जल्द ही निरंजनी अखाड़े के संत बनने जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज जितेंद्र नारायण त्यागी और शांभवी धाम पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप ने अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी से मुलाकात की।
निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रविंद्र पुरी ने कहा कि जितेंद्र नारायण त्यागी ने अब हिन्दू धर्म धारण कर लिया है। इसलिए वो अब संन्यास धारण कर सकते हैं। इसके लिए सभी अखाड़ों से वार्ता की जाएगी और जल्द ही उन्हें संन्यास दिलाया जाएगा। शांभवी धाम पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप ने कहा कि जब हम जितेंद्र नारायण त्यागी से जेल में मिलने गए थे, तब उन्होंने संन्यास लेने की इच्छा जताई थी। अब भी वो संन्यास लेना चाहते हैं, जिसके लिए हमने आज अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी से भेंट की है। जल्द ही हम जितेंद्र नारायण त्यागी को निरंजनी अखाड़े का संत बनाएंगे।
हरिद्वार में हुई धर्म संसद हेट स्पीट मामले में सबसे पहले हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 जनवरी को जितेंद्र नारायण त्यागी उर्फ वसीम रिजवी को गिरफ्तार किया। इसके बाद 15 जनवरी को पुलिस ने यति नरसिंहानंद को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके बाद लगभग दोनों एक महीना हरिद्वार जिला कारागार में साथ में रहे। इसके बाद यति नरसिंहानंद गिरि जमानत मिलने के बाद 17 फरवरी को जेल से रिहा हुए।