देवऋषि नारद की भांति अपनी निष्पक्ष भूमिका तय करें पत्रकारः ऋतु खंडूडी

Share

हरिद्वार, 17 मई (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नारद जी जिस तरह से तीनों लोक में घूम-घूमकर समाचारों का प्रचार-प्रसार करते थे। उनके द्वारा प्रदत्त समाचार कई बार अप्रिय होते हुए भी लोक कल्याणकारी होते थे। वे पत्रकारिता के आदर्श थे। यह बात विधानसभा अध्यक्ष ने अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने विश्व संवाद केंद्र ने प्रेस क्लब सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कही।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पत्रकारों के लिये आदर्श स्थिति यही है कि वे निष्पक्ष भाव से देवर्षि नारद की तरह अपनी भूमिका समाज के उत्थान के लिए तय करें। उन्होंने नारद जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नारद मुनि को सृष्टि का पहला संवाददाता कहा जाता है। जो अपना काम एक पत्रकार के रूप में पूरी लगन, ईमानदारी के साथ संपूर्ण करते थे। हमारे यहां जितने वेद और पुराण हैं, उन सब में नारद जी का योगदान है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक देशों में विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के कामकाज पर नजर रखने के लिए मीडिया को चौथे स्तंभ के रूप में जाना जाता है।

उन्होंने कहा कि मीडिया आज ऐसा विषय है, जिसे कोई भी व्यक्ति नकार नहीं सकता। मीडिया सामान्य जन के जीवन का अविभाज्य अंग बन चुका है। एक पत्रकार ही समाज को सही दिशा दिखाता है। लोगों की जन समस्याएं अपनी कलम द्वारा सामने लाकर उन्हें दूर करने में अपनी भूमिका बखूबी निभाता है। अब पत्रकारिता का क्षेत्र लगातार बदल रहा है, लोगों में बढ़ते तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ पत्रकारिता का स्वरूप भी बदल रहा है। आज के इस ऑनलाइन युग में मात्र समाचार पत्र या टीवी ही पत्रकारिता के माध्यम नहीं हैं।

उन्हाेंने कहा कि सोशल मीडिया जिसमें व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम जैसे माध्यम से सेकंड भर में खबरें आमजन तक पहुंच रही है। उत्तराखंड में प्रतिभा और संसाधन की कमी नहीं, बस कमी थी जुनून की, लगन की। उत्तराखंड के युवा पत्रकारों का जोश और लगन देखकर लगता है कि आने वाले दौर में उत्तराखंड के युवा देश भर में पत्रकारिता को नया आयाम देंगे।

मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ स्तम्भकार डॉ. विशेष गुप्ता ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य सच्ची खबर देना है। यही पत्रकार का धर्म है। पत्रकारिता देश हित के लिए होनी चाहिए। मीडिया सरकार व प्रशासन के बीच, प्रशासन व समाज के बीच तथा समाज व सरकार के बीच एक कड़ी का कार्य करें। किसी के खिलाफ व्यक्तिगत द्वेष भावना या ईर्ष्या एवं किसी के बहकावे में आकर क्षणिक लाभ के लिए कोई समाचार प्रकाशित ना करें। जिससे किसी व्यक्ति के समाज में मान सम्मान पर असर पडे।

इससे पूर्व प्रेस क्लब में विधानसभा अध्यक्ष का शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने भी पत्रकारिता जगत में अपना विशिष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।

डॉ. रजनीकांत शुक्ल ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलावों के लिए मीडिया के साथ ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वयं आमजन को भी प्रयास करने होंगे।

इस अवसर पर ललितेंद्र नाथ, दीपशिखा, देवेश वशिष्ठ, अमित शर्मा, सुभांशु, अमित त्यागी, अजय शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।