हरिद्वार, 18 मई (हि.स.)। जूना अखाड़े की महामंडलेश्वर साध्वी सरोजिनी गिरी ने मायापुर स्थित श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी पहुंचकर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज को शिकायती पत्र देकर धार्मिक संपत्ति को खुर्द खुर्द होने से बचाने के लिए कार्रवाई की मांग की।
साध्वी सरोजनी गिरी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व सुरसरिता मां आश्रम धर्मार्थ ट्रस्ट के एक ट्रस्टी के साथ मिलकर आश्रम की संपत्ति को खुर्दबुर्द करना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें लगातार डराया धमकाया जा रहा है और मारपीट भी की जा रही है। ताकि वह वहां से कहीं और चली जाए। उन्होंने बताया कि आश्रम की संपत्ति का कुछ हिस्सा लीज पर भी दिया गया है। इसके बाद से वहां लगातार असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और उन्हें आश्रम में रहने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस को कई बार अवगत कराने के बावजूद इस मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष से मांग की कि धार्मिक संपत्ति को खुर्द बुर्द होने से बचाया जाए। साध्वी सरोजिनी गिरी ने कहा कि हरिद्वार में संपत्ति विवाद में पहले भी कई संत की हत्या हो चुकी है। यदि समय रहते इस विवाद का निपटारा नहीं किया गया तो कोई बड़ी अनहोनी भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आश्रम को लेकर दुष्प्रचार भी कर रहे हैं जो कि निराधार है।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि संपत्ति विवाद को लेकर दूसरे पक्ष से बात की जाएगी और बातचीत से यह मुद्दा हल हो इसकी कोशिश अखाड़ा परिषद जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि जब तक संपत्ति को लेकर तनाव बना हुआ है। पुलिस को दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संत का अपमान नहीं होना चाहिए। पुलिस प्रशासन असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई कर विवाद को बढ़ने से रोके।