आंधी में दो मकानों पर गिरा बड़ वृक्ष

Share

हरिद्वार, 18 मई (हि.स.)। बीते कुछ दिनों से रुक-रुककर चल रहे आंधी-तूफान अब तक सैकड़ों पेड़ों को जमींदोज कर चुके हैं। बुधवार दोपहर चली तेज आंधी और बरसात में मायापुर क्षेत्र में एक विशालकाय बड़ का पेड़ पास में मौजूद दो मकानों पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की विशेष टीम ने पेड़ को टुकड़ों में काटकर हटाया।

बुधवार दोपहर हरिद्वार में एकाएक बदले मौसम ने शहर के लोगों को गर्मी से तो राहत दी, लेकिन इस दौरान चली तेज आंधी में कई जगह पेड़ और उनके टहने टूट कर जमीन पर आ गिरे। इस दौरान नगर निगम कॉलोनी के दो मकानों पर एक विशालकाय बड़ का पेड़ गिर गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की विशेष टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद टीम ने बिना समय गवाएं पेड़ को कई हिस्सों में काट कर मौके से हटाया।

रेस्क्यू टीम के लीडिंग फायरमैन ध्यान सिंह तोमर ने बताया कि इस विशालकाय पेड़ का पूरा भार मकानों पर नहीं था जिस कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया। टीम ने समय पर पहुंच पेड़ को कई हिस्सों में काटकर हटा दिया इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।