रायबरेली : मंत्रियों के सामने व्यवस्था की खुली पोल, सुधरने के निर्देश

Share

रायबरेली, 05 मई (हि.स.)। जिले के विकास कार्यों की हकीकत देखने रायबरेली पहुंचे वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना, जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटिक और अल्पसंख्यक मंत्री दानिश आजाद ने गुरुवार को शहर का भ्रमण किया। इस दौरान आला अधिकारियों के सामने नगरीय व्यवस्था की पोल खुल गई है।

तीनों मंत्रियों ने शहर के वार्ड नंबर आठ का निरीक्षण किया। पहले से तय कार्यक्रम के बावजूद जगह जगह मंत्रियों को बदहाली नजर आई। यहीं नहीं बुधवार की रात में हुई हल्की बरसात का पानी सड़कों पर भरा था। जलनिकासी की व्यवस्था का आलम यह रहा कि मंत्रियों और अफसरों को जलमग्न सड़क से गुजरना पड़ा। इस दौरान डीएम माला श्रीवास्तव के अलावा नगर पालिका के भी अफसर मौजूद थे। यहां पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्रियों से नगर पालिका द्वारा उपेक्षा का भी आरोप लगाया है।

सर्वप्रथम वार्ड नंबर आठ कप्तान का पुरवा में साफ सफाई का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके पश्चात बस स्टैंड, प्रभुटाउन, जिला अस्पताल, गौशाला का निरीक्षण किया गया। बाद में बचत भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। गेहूं क्रय केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। समीक्षा बैठक के दौरान जिले में हो रहे विकास कार्यों की बारीकी से जानकारी लेते हुए उचित दिशा निर्देश भी दिए हैं।

कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि जिले में चल रहे विकास कार्य की समीक्षा व स्थलीय निरीक्षण के लिए जनपद में तीन सदस्यीय टीम के साथ आए हैं। विकास कार्यों को और गति देने के लिए मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशन में स्थलीय निरीक्षण कार्यक्रम किया जा रहा है। जिले में छुटपुट कुछ समस्याएं थी जिन पर अधिकारियों को उचित निर्देश दिए हैं। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी के लिए भी क्षम्य नहीं होगी। जनता का हित सर्वोपरि है। वहीं जिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद सीएमएस नीता साहू ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल के साफ-सफाई व दवाओं के विषय में जानकारी लिया। इसके अतिरिक्त वार्डों की साफ-सफाई तथा मिल रहे इलाज के विषय में मरीजों से भी जानकारी ली।