-अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी से करें : जिलाधिकारी
गाजियाबाद, 20 मई (हि.स.)। पंचायत राज विभाग के तत्वावधान में आज आईएमटी कॉलेज में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें विशेषज्ञों ने ओडीएफ प्लस गांवों में सॉलिड व लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट को बेहतर ढंग से लागू करने के लिए टिप्स दिए गये। साथ ही कार्ययोजना भी तैयार की गई। प्रशिक्षण लेने वालों में सभी एडीओ, बीडीओ पंचायत, ग्राम सचिव, ब्लॉक कॉर्डिनेटर समेत तमाम सम्बंधित लोग शामिल हुए।
प्रशिक्षण शिविर का उद्धाटन जिलाधिकारी आरकर सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से कड़ी मेहनत करके करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ओडीएफ प्लस करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करें। उन्होंने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए गड्ढे, लीच पिट, सोक पिट, किचेन गार्डन, वर्मी कम्पोस्ट, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, टॉयलेट्स की रिपेयरिंग, डोर टू डोर कलेक्शन कराया जाए। साथ ही आय बढ़ाने के प्रयास किये गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य मालिक ने बताया कि इस कार्य को अंजाम देने के लिए शासन द्वारा फण्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसमें 70 प्रतिशत स्वच्छ भारत मिशन योजना के अंतर्गत केंद्र से जबकि 30 प्रतिशत सेंट्रल फाइनेंस कमीशन से उपलब्ध कराया जायेगा। कार्यक्रम का संयोजन जिला पंचायत राज अधिकारी पीके द्विवेदी ने किया।