अनूपपुर: जैतहरी प्लांट से राखड़ भरकर जा रहे बल्कर वाहन में लगी आग

Share

अनूपपुर, 21 मई (हि.स.)। हिन्दुस्तान पावर प्लांट जैतहरी से राखड़ भर कर सतना जा रहे बल्कर वाहन में शनिवार सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत तिपान नदी सांई मंदिर के पास अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते वाहन में पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार हिन्दुस्तान पावर प्लांट से बल्कर वाहन क्रमांक एमपी 19 एचए 7489 राखड़ लोड़कर सतना जिले में स्थित बिड़ला सीमेंट फैक्ट्री जा रहा था। जिला मुख्यालय के समीप तिपान नदी पुल के पास चालक ने वाहन में आग लपटे देखी और वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर उतर गया और आग बुझाने का प्रयास करने लगा। आसपास के लोगों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लेकिन तब तक आग वाहन के यूरिया टैंक में पकड़ ली और यूरिया टैंक अचानक ब्लास्ट हो गया और आग की लपटे पूरे वाहन में फैल गई। फायर ब्रिगेड वाहन के पहुंचने तक वाहन पूरी तरह से जल गया।

वाहन चालक अजय पटेल निवासी चुरहट ने बताया कि वाहन चलाते समय साइड ग्लास से लपटे उठते देखा तो उसने वाहन को रोक कर आग बुझाने का प्रयास किया गया। वाहन अशोक मिश्रा सतना निवासी का है। पूरे मामले में पुलिस ने आगजनी का मामला कायम करते हुये मामला की विवेचना में जुटी हुई है। आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है।