भोपाल, 19 मई (हि.स.) । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को राजधानी भोपाल के स्मार्ट सिटी उद्यान में पीपल, बरगद और नीम का पौधा लगाया। पौध-रोपण में खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा, प्रसिद्ध क्रिकेट कमेंटेटर सुशील दोषी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया भोपाल सर्कल के चीफ जनरल मैनेजर विनोद मिश्र, समाचार पत्र के संपादक भुवनेश जैन, पत्रकार सुरेश शर्मा और उनके परिवार के सदस्य भी पौध-रोपण में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हम सबके प्रयास से ही यह धरती हरी-भरी रहेगी और भावी पीढ़ियों को उत्तम प्रदेश मिलेगा। आप भी शुभ अवसर पर पौधे अवश्य रोपिये। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि लाखों युवाओं के हृदय में विशिष्ट स्थान रखने वाले सुप्रसिद्ध क्रिकेट कमेंटेटर सुशील दोषी जी द्वारा पौधरोपण किये जाने से युवाओं को पौधरोपण की प्रेरणा मिलेगी।
गौरतलब है कि पौधों में पीपल एक छायादार वृक्ष है। यह पर्यावरण शुद्ध करता है। इसका धार्मिक और आयुर्वेदिक महत्व है। बरगद के पेड़ को वट वृक्ष या बड़ भी कहा जाता है। बरगद का धार्मिक महत्व है, साथ ही आयुर्वेद के अनुसार बरगद के पेड़ से कई बीमारियों का इलाज संभव है। नीम बहुत उपयोगी और एंटीबायोटिक तत्वों से भरपूर सर्वोच्च औषधि के रूप में जाना जाता है।