– सागर रॉयल विलास रहवासी संघ के पदाधिकारियों ने भी किया पौध-रोपण
भोपाल, 06 मई (हि.स.) । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल के स्मार्ट सिटी उद्यान में सागर रॉयल विलास रहवासी संघ के पदाधिकारियों के साथ खिरनी और केशिया का पौधा लगाया। रहवासी संघ के गुरूचरण सिंह, परिमल यादव, ओमवीर सिंह राणा और संजीव खरे ने पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने पदाधिकारियों को स्वच्छता अभियान और वृक्षा-रोपण गतिविधियों में निरंतर सक्रियता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
बता दें कि रहवासी संघ अपनी कॉलोनी में स्वच्छता और पर्यावरण के लिए कार्य कर नागरिकों को भी इस दिशा में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित करता है। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के साथ मिलकर पर्यावरण और स्वच्छता की गतिविधियाँ संचालित की जाती है। कॉलोनी की दीवारों को चित्रकारी से सुंदर और आकर्षक बनाया गया है।
गौरतलब है कि खिरनी का पेड़ भारत में विशेष रूप से उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, महाराष्ट्र, तमिलनाडु आदि में होता है। इसका फल खिरनी, नीम के फल जैसे होते हैं, जो खिरनी बहुत मीठा और गरम होता है। केसिया की छाल और पत्तियों का उपयोग आयुर्वेदिक दवाएँ बनाने में किया जाता है।