– अब रसोई योजना, रैन बसेरा और उद्यान की देखभाल करेंगे
बुरहानपुर, 8 मई (हि.स.)। नगर निगम के प्रभारी कार्यपालन यंत्री व मूलतः उपयंत्री सगीर अहमद खान को पिछले दिनों लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने 1.50 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया, लेकिन दूसरी बार प्रभार संभालते ही आयुक्त एसके सिंह ने उपयंत्री का प्रभार बदल दिया। आदेश में स्पष्ट तौर पर हाथ से यह भी लिखा गया कि पूर्व में प्रसारित समस्त कार्यों से उपयंत्री को मुक्त किया जाता है। उनके स्थान पर अन्य अफसरों को कार्य विभाजित कर दिया गया है।
पीएम आवास का काम छीना, प्रोजेक्ट का का भी गया
सगीर अहमद के पास इससे पहले पीएम आवास योजना का काम भी था, लेकिन इसमें उनके द्वारा कईं अनियमितताएं की गई थी। बाद में कुछ लोगों पर कार्रवाई भी हुई थी, लेकिन निगम के किसी अधिकारी कर्मचारी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पीएम आवास के साथ ही सगीर अहमद से प्रोजेक्ट विभाग का काम भी लेकर प्रभारी कार्यपालन यंत्री विशाल मोहे को सौंप दिया गया है।
ऐसे सौंपे गए दायित्व-
-सहायक आयुक्त ज्योति सुनारिया को अपने वर्तमान कार्य के साथ स्वच्छता, पेंटिंग, दीवार लेखन, प्रचार प्रसार व सौंदर्यीकरण का काम दिया गया।
– विशाल मोहे प्रभारी कार्यपालन यंत्री को वर्तमान कार्य के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रोजेक्ट विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री का दायित्व दिया गया।
– सगीर अहमद उपयंत्री को अब प्रभारी अधिकारी दीनदयाल रसोई योजना, रैन बसेरा व उद्यान विभाग का कार्य सौंपा गया।
– अशोक पाटिल उपयंत्री को अपने वर्तमान कार्य के साथ साथ भंडार शाखा, लाइटिंग शाखा विभाग प्रमुख और उद्यान विभाग में उपयंत्री का दायित्व सौंपा गया।