राजगढ़,21 मई (हि.स.)। खिलचीपुर थाना पुलिस टीम ने कस्बे का माहौल खराब करने के नजरिए से पिछले सप्ताह हाइवे के समीप रखी गुमठी और गायत्री नगर स्थित मकान के सामने रखी कार को आग के हवाले करने वाले आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
थानाप्रभारी मुकेश गौड़ ने शनिवार को बताया कि 13 मई को बफाती (50) पुत्र कासम खां निवासी नाहरदा बड़ली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मंगल सिटी के समाने एनएच-52 पर रखी गुमटी में अज्ञात आरोपी द्वारा आग लगाकर नुकसान किया गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 436 के तहत प्रकरण दर्ज किया। वहीं गायत्रीनगर निवासी फैजान(33) पुत्र शकील अहमद ने बताया कि बीती रात अज्ञात बदमाश घर के सामने रखी कार में आग लगाकर नुकसान कर गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 435 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने संदेही रामप्रसाद वर्मा और दुर्गाप्रसाद मालवीय निवासी गायत्रीकाॅलोनी को गिरफ्तार किया, जिन्होंने पूछताछ पर आगजनी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी मुकेश गौड़, एसआई प्रवीण जाट, प्रआर. लोकेन्द्र सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।